जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित

सिंगरौली ! रेड क्रॉस ब्लड सेंटर एवं जिला चिकित्सालय सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 04 जून 2026 को जिला चिकित्सालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।आयोजित शिविर में स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई, रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है तथा इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर की ओर से सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, डॉ. राजेश वैश, डॉ. प्रत्यूष झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से चेयरमैन एस.डी. सिंह, सचिव डॉ. ओ.पी. राय एवं रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर.डी. द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया तथा कहा कि रक्तदान के माध्यम से अनेक मरीजों को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। शिविर के सफल आयोजन में रेड क्रॉस ब्लड सेंटर एवं जिला चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।अंत में आयोजकों द्वारा सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन हेतु संकल्प व्यक्त किया गया।













