वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, ब्रह्माकुमारीज ने शुरू किया ‘प्रकृति परिवर्तन प्रोजेक्ट’

सिंगरौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा तपोवन परिसर, विंध्यनगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘प्रकृति परिवर्तन प्रोजेक्ट’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी शोभा बहन ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण विश्व के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्वयं जागरूक बने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है, बल्कि जनभागीदारी इसके लिए आवश्यक है।
उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा आगामी तीन वर्षों तक चलाए जाने वाले ‘प्रकृति परिवर्तन प्रोजेक्ट’ की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत प्रकृति संरक्षण के पांच प्रमुख आयामों पर कार्य किया जाएगा। इनमें जल संरक्षण, जल प्रदूषण की रोकथाम, वायु प्रदूषण नियंत्रण, ध्वनि प्रदूषण में कमी तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शोभा बहन ने कहा कि जिस प्रकार बाहरी पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, उसी प्रकार मनुष्य का आंतरिक वातावरण भी नकारात्मक और व्यर्थ विचारों से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति अपने मन को सकारात्मक, शांत और पवित्र बना सकता है, जिससे समाज और प्रकृति दोनों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी जया बहन ने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास कराया। वहीं ब्रह्माकुमारी सरिता बहन ने सभी को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की शपथ दिलाई। ब्रह्माकुमारी सविता बहन ने सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आत्म-स्मृति तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी भाई-बहनों एवं उपस्थित नागरिकों ने तपोवन परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे वर्ष भर में कम से कम पांच पौधे लगाएंगे तथा उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का संकल्प दोहराया।













