विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्टर ने रोपा आम का पौधा

’सिंगरौली/विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आम का पौधा रोपा गया। पौधा रोपने के उपरांत कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों को प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसका एक बच्चे की तरह संरक्षण करना और उसे वृक्ष बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात कही, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा वातावरण मिल सके। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उप संचालक उद्यानिकी एच.एल निमोरिया, सहित अन्य अधिकारियों कर्मचारियों ने भी पौधा रोपण का पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।













