देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मोरबी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: घायल दोस्त को अस्पताल ले जा रहे 5 युवकों की मौत, 2 गंभीर

मोरबी। गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर चरड़वा गांव के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रणछोड़गढ़ गांव के पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार एक फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रणछोड़गढ़ निवासी परेश दहैया (24) मानसर गांव के पास एक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए गांव के ही कुछ युवक कार से रवाना हुए थे। रात करीब 9:30 बजे चरड़वा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने फैक्ट्री से निकल रहे डंपर ने अचानक मोड़ ले लिया। अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी में कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे डंपर से जा भिड़ी।

जेसीबी से काटकर निकाले गए शव
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा (45), वीरम दहैया (28), परेश दहैया (24), प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है।

गांव में पसरा मातम: हादसे में घायल प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया का मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हलवद तालुका पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल दोस्त की जान बचाने निकले पांचों युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Author

Related Articles

Back to top button