लुधियाना स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा: कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन की कपलिंग टूटी, दो हिस्सों में बंटी बोगियां

लुधियाना। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से हड़कंप मच गया। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन (04081) जैसे ही स्टेशन से रवाना हुई, अचानक दो डिब्बों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटने से इतना जोरदार धमाका हुआ कि स्लीपर कोच का टॉयलेट क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह जब ट्रेन ने गति पकड़ी, तभी एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, कमिश्नरेट पुलिस और रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
अलर्ट के बीच धमाके की आशंका से बढ़ी चिंता
रेलवे के कुछ अधिकारियों का प्रारंभिक तौर पर मानना है कि ट्रेन के आगे बढ़ते समय कपलिंग पर अत्यधिक खिंचाव आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद: शनिवार को ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की बरसी होने के कारण पंजाब में पहले से ही हाई अलर्ट है। हिंदू संगठनों के मार्च और लुधियाना रेलवे स्टेशन को पहले भी मिल चुकी धमाके की धमकियों के मद्देनजर, पुलिस और खुफिया एजेंसियां तकनीकी खराबी के साथ-साथ अन्य संवेदनशील एंगल्स से भी इस मामले की गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।













