पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। देश में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी का सियासी पारा चढ़ गया है। शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। इस आंदोलन में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
यह प्रदर्शन सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके की अगुआई में हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, दीपके शनिवार सुबह ही अमेरिका से दिल्ली लौटे और हवाई अड्डे से सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे। उन्होंने नीट (NEET) पेपर लीक विवाद और सीबीएसई से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 12 जोन में बंटी दिल्ली
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है। जंतर-मंतर से लेकर एयरपोर्ट तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले को 12 जोन में विभाजित किया गया है, जिसकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। अकेले इस जिले में करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस की हिदायत: दिल्ली पुलिस ने छात्रों और प्रतिभागियों से जरूरी अंडरटेकिंग लेने के बाद शाम 5 बजे तक ही धरने की अनुमति दी है। अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के साथ टकराव से बचने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, भीड़ के कारण राजधानी के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई।













