देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

फिरोजपुर में भीषण सड़क हादसा: अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिवार की पिकअप को ट्राला ने मारी टक्कर; 9 की मौत, 15 घायल

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जंगा वाले मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी और तेज रफ्तार घोड़ा ट्राला के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भयानक टक्कर में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी में सवार होकर एक ही परिवार और उनके रिश्तेदार अपने किसी प्रियजन की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी जंगा वाले मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहे भारी-भरकम ट्राला ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय निवासियों ने पिकअप के दरवाजों को तोड़कर और लोहे को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने अपने वाहनों से घायलों को पास के सिविल अस्पताल पहुंचाना शुरू कर दिया।

हालत नाजुक, बड़े अस्पताल रेफर: सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि कई मरीजों को अंदरूनी चोटें आई हैं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button