देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मंडला में बड़ा सड़क हादसा: दुर्ग से वृंदावन जा रही बस पलटी, 27 यात्री घायल; 11 की हालत गंभीर

मंडला (बीजाडांडी)। जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोईयानाला के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश के वृंदावन जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार लगभग 52 यात्रियों में से 27 लोग घायल हो गए, जिनमें से 11 की हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस (क्रमांक सीजी-07-सीटी-8001) सुबह लगभग 5:30 बजे बीजाडांडी की ग्राम पंचायत ढुढवा अंतर्गत ग्राम मोईयानाला के पास पहुंची थी, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे की आवाज सुनते ही मोईयानाला और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी भिजवाया।

जबलपुर रेफर किए गए गंभीर मरीज: अस्पताल में बीएमओ सहित डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, नायब तहसीलदार और स्थानीय सरपंच सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button