कलेक्टर ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश

सिंगरौली,/ कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नस्ल सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने अधीन कार्यरत एआई प्रशिक्षित मैत्री एवं गौ सेवकों को प्रोत्साहित करने तथा नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने उपसंचालक पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि क्षीरधारा ग्राम योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को 30 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि चयनित ग्रामों में पशुओं के टीकाकरण एवं टैगिंग का कार्य समय पर पूर्ण कराया जाए, ताकि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
कलेक्टर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ग्राम स्तर पर भ्रमण कर पशुपालन से जुड़े पात्र किसानों की पहचान करने, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा लक्ष्यवार प्रकरण तैयार कर बैंकों में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग संस्थाओं से बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र किसानों को शीघ्रता से योजना का लाभ दिलाया जाए।बैठक में उपसंचालक पशुपालन डॉ. जीतेन्द्र प्रजापति, डॉ. अंकिता मिश्रा, शिल्पा पटेल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













