ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का हुआ समापन
खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं जर्सी तथा प्रशिक्षकों को ट्रैकसूट प्रदान कर किया गया सम्मानित

सिंगरौली, ; खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एक माह के ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं जर्सी वितरित कर सम्मानित किया गया, वहीं प्रशिक्षकों को ट्रैकसूट प्रदान कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किए जा रहे ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों के अंतर्गत सिंगरौली जिले में भी विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। एक माह तक संचालित इस शिविर में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने खो-खो, बास्केटबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, कुश्ती एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामनिवास शाह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव बैनल ने खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने एवं उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पांडेय, जिला खेल अधिकारी एवं एसडीओपी राहुल सैयम, डीएसपी सुश्री रोशनी कर्मी, मंडल अध्यक्ष कमलेश वर्मा, पार्षद आशीष वैश्य, सरपंच भगवान दास शाह, जिला फुटबॉल संघ के सचिव लवकुश तिवारी, ऑल इंडिया बास्केटबॉल कोच डॉ. रमाकांत, कबड्डी कोच सुखचैन शुक्ला सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी प्रशिक्षकों, आयोजकों एवं अभिभावकों को शिविर के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की ऊर्जा, समर्पण और उत्साह निश्चित रूप से सिंगरौली जिले को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगा।कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग सिंगरौली द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक राकेश मिश्रा, श्रीमती सुनीता मिश्रा, जगदीश सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।













