ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनप्रतिनिधियों का एक्सपोजर विजिट आयोजित
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कचरा पृथक्करण एवं जनजागरूकता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

सिंगरौली/ विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगर निगम सिंगरौली द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गनियारी स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।
नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय के नेतृत्व में पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। इस दौरान प्लांट में संचालित गीले एवं सूखे कचरे के प्रसंस्करण, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), सी एंड डी वेस्ट प्रबंधन तथा मृत मवेशियों के निपटान के लिए स्थापित इकाइयों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की गई। जनप्रतिनिधियों ने मृत मवेशियों के वैज्ञानिक निपटान हेतु स्थापित इंसीनेटर मशीन का भी निरीक्षण किया, जो संचालन की स्थिति में पाई गई।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को जागरूक कर कचरा पृथक्करण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।उन्होंने सीटाडेल प्रबंधन को निर्देशित किया कि घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक परिवार तक नियमित रूप से संग्रहण वाहन की पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही निकाय द्वारा अनुबंधित आईईसी संस्था एलाइड सॉल्यूशन को जनजागरूकता के लिए नवाचार आधारित अभियान संचालित करने एवं नागरिक सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आर.पी. बैस एवं स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी ने जनप्रतिनिधियों को प्लांट की विभिन्न इकाइयों का विस्तृत निरीक्षण कराया तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रियाओं की जानकारी दी।एक्सपोजर विजिट में पार्षद भारतेंदु पाण्डेय, विजय कुमार शाह, रवींद्र सिंह, संतोष शाह, रामगोपाल पाल, अनिल कुमार बैस, रामनरेश शाह, आशीष बैस, बाबूनंदन बंसल पार्षद प्रतिनिधि अमरेश शर्मा, सहित सीटाडेल प्रबंधन के एजीएम सचिन चतुर्वेदी, प्रोजेक्ट मैनेजर रावेंद्र सिंह एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।













