विश्व पर्यावरण दिवस पर नवजीवन समिति ने शुरू किया रिसाइक्लिंग व पॉलिथीन-मुक्त अभियान

सिंगरौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 32 स्थित हर्रई आवासीय सह व्यावसायिक योजना की नवजीवन रहवासी कल्याण समिति ने मोहल्ले में रिसाइक्लिंग एवं पॉलिथीन-मुक्त अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को घरों में ही अलग-अलग रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शारदा डेवलपमेंट एंड एन्वायरमेंट कोऑर्डिनेशन कमेटी द्वारा पुराने अनुपयोगी डिब्बों को रिसाइकिल कर तैयार किए गए डस्टबिन मोहल्लेवासियों को वितरित किए गए। साथ ही पुराने वस्त्रों से निर्मित कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देते हुए पॉलिथीन कैरी बैग के प्रयोग को कम करने की अपील की गई।
समिति के संस्थापक राजेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण स्वच्छता और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है। अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि सामुदायिक स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम में सचिव शशिधर गर्ग, उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय, संयुक्त सचिव शाहनवाज सहित समिति के अनेक सदस्य और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पांडेय एवं आईईसी हेड आशीष शुक्ला ने भी नागरिकों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान समिति ने आगामी मानसून में सौरा नाला स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में फलदार वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। समिति ने नागरिकों से पॉलिथीन का उपयोग कम करने, कपड़े के थैले अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।













