अतिक्रमण हटाते समय हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, प्रशासन में मचा हड़कंप

सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न के गनियारी स्थित न्यू पीजी कॉलेज की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान शनिवार शाम को एक नाटकीय स्थिति उत्पन्न हो गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए ‘हिमांशु’ नामक एक युवक पास ही के हाईटेंशन बिजली के टावर पर जा चढ़ा।

प्रशासन की टीम मौके पर तैनात
अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार सविता यादव के नेतृत्व में नगर निगम, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। टावर पर चढ़े युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार उसे समझाइश दे रहे हैं।
कॉलेज परिसर को मुक्त कराने की तैयारी
तहसीलदार सविता यादव ने बताया कि कॉलेज की जमीन पर कुल 25 अवैध मकान बनाए गए थे, जिनमें से अधिकांश हटा दिए गए हैं। केवल 3 मकान शेष बचे हैं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था। साथ ही, जिन परिवारों के पास रहने के लिए जगह नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि आगामी शिक्षा सत्र से न्यू पीजी कॉलेज का संचालन प्रस्तावित है, जिसके लिए परिसर को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक है।













