जमीनी विवाद में धारदार हथियार से युवक पर जानलेवा हमला, चाचा के साथ भी मारपीट

सिंगरौली: जिले के जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम मजौना में शनिवार दोपहर धारदार हथियार से युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में अभिषेक द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंदिर के सामने रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, अभिषेक द्विवेदी अपने चाचा राजकुमार द्विवेदी के साथ बोलेरो गाड़ी से कहीं जा रहे थे। मजौना स्थित शिव मंदिर के सामने जनक साकेत, श्रीनाथ साकेत और साजन साकेत ने उनका रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान जनक साकेत ने धारदार हथियार से अभिषेक के सिर और आंख के पास गंभीर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा राजकुमार द्विवेदी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस मामले की शिकायत शुभम द्विवेदी ने जियावन थाना पुलिस में की। थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि शिकायत मिलते ही तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और प्राथमिक जांच में किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है।













