बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सतना-मैहर के बीच महिला और दो बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता, जांच में जुटीं रेलवे और पुलिस एजेंसियां

सतना स्टेशन से पति से हुई थी आखिरी बातचीत, अज्ञात कॉल ने बढ़ाया रहस्य

सतना। गोरखपुर से मुंबई जा रही एक 27 वर्षीय महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ सतना और मैहर रेलवे स्टेशन के बीच रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला और दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। रेलवे और पुलिस की विभिन्न एजेंसियां मामले की जांच और तलाश में जुटी हैं।

परिजनों के अनुसार, शेख आयशा साहिल (27) अपने बच्चों शेख अमीना साहिल (5 वर्ष) और शेख शाद साहिल (डेढ़ वर्ष) के साथ ट्रेन से मुंबई जा रही थीं। यात्रा के दौरान रात करीब 8:30 बजे उनकी अपने पति से आखिरी बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि ट्रेन सतना रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका।

पति का कहना है कि कुछ देर बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी पत्नी ट्रेन से गिर गई हैं। हालांकि, इस सूचना की अब तक रेलवे या पुलिस की किसी भी एजेंसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। सभी संबंधित एजेंसियां महिला और दोनों बच्चों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।

परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि महिला या बच्चों के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो तत्काल रेलवे पुलिस, आरपीएफ या स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button