देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

82 वर्षीय बुजुर्ग के खाते में दिखे 759 करोड़ रुपये, बैंक बैलेंस देख सभी रह गए हैरान

मुजफ्फरपुर में सामने आया अनोखा मामला, तकनीकी गड़बड़ी की आशंका

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग उस समय हैरान रह गए, जब उनके बैंक खाते में करीब 759 करोड़ रुपये का बैलेंस दिखाई दिया। इतना ही नहीं, उनके दिव्यांग बेटे के खाते में भी लगभग इतनी ही राशि प्रदर्शित होने से परिवार और सीएससी केंद्र के कर्मचारी भी आश्चर्य में पड़ गए।

जानकारी के अनुसार, कवि कामेश्वर मिश्रा अपनी वृद्धावस्था पेंशन निकालने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचे थे। पेंशन निकालने के बाद जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक कराया तो रसीद में करीब 759.69 करोड़ रुपये दर्ज थे। उनके दिव्यांग बेटे के खाते में भी इसी तरह की भारी राशि दिखाई दी। दोनों खातों का कुल बैलेंस 1,500 करोड़ रुपये से अधिक प्रदर्शित होने की बात सामने आई है।

इस अप्रत्याशित बैलेंस को देखकर सीएससी संचालक भी हैरान रह गया। बुजुर्ग ने तुरंत बैंक और संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यह किसी तकनीकी त्रुटि का परिणाम है तो इसे जल्द सुधारा जाना चाहिए।

प्रारंभिक तौर पर इसे बैंकिंग सिस्टम या तकनीकी गड़बड़ी से जुड़ा मामला माना जा रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बैंक की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले की जांच और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button