बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

जबलपुर में तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, 6 लोग घायल

एक ही परिवार के तीन सदस्य भी हादसे का शिकार, आरोपी चालक हिरासत में

जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित जय प्रकाश नगर में सोमवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे तेज गति से आ रही कार का चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़े लोगों और दुकानों से जा टकराया।

घायलों में अजय श्रीवास (41), संजय सिंह (50), लालू प्रसाद सोनी (74), दिनेश रजक (32), उनकी पत्नी नेहा रजक (30) और उनकी 15 माह की बेटी ओजस्वी रजक शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार (एमपी-34-सीए-0718) को जब्त कर लिया। पुलिस ने कार चालक मोहम्मद एहतेशाम (24), निवासी नेता कॉलोनी, को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button