बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गड़ई गांव में एक ही रात दो मकानों में सेंधमारी, लाखों के जेवरात व सामान चोरी

निवास चौकी क्षेत्र में वारदात के बाद पुलिस गश्त पर उठे सवाल

सिंगरौली :जिले के निवास पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गड़ई के पीपरखाड़ी टोला में चोरों ने एक ही रात दो मकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी एवं अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है, वहीं पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने पीपरखाड़ी टोला निवासी अखिलेश साहू एवं दीनानाथ साहू के मकानों की पिछली दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर प्रवेश किया। घटना के समय दोनों परिवार गहरी नींद में सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने अलमारी और बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए।
सुबह जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। दीवार में सेंध और अस्त-व्यस्त अलमारी देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। उन्होंने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।

एक ही रात में एक ही गांव के दो मकानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त होती, तो संभवतः इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button