देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम की पहल रंग लाई, शासकीय महाविद्यालय सरई में नए विषय शुरू करने की प्रक्रिया तेज

सिंगरौली/ देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम की मांग पर उच्च शिक्षा मंत्री कार्यालय ने शासकीय महाविद्यालय सरई में नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। मंत्री कार्यालय द्वारा 11 जून 2026 को उच्च शिक्षा आयुक्त, भोपाल को पत्र भेजकर मामले का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
पत्र के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय सरई वर्ष 2012 से संचालित है, जहां वर्तमान में केवल कला संकाय में स्नातक (बी.ए.) के कुछ ही विषय संचालित हो रहे हैं। महाविद्यालय में लगभग 900 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की नियमित कक्षाएं तथा स्नातकोत्तर स्तर पर एम.ए. की पढ़ाई उपलब्ध नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने मंत्री को भेजे पत्र में मांग की थी कि महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर बी.एससी. और बी.कॉम. की नियमित कक्षाएं शुरू की जाएं। साथ ही कला संकाय में स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी साहित्य, भूगोल, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और इतिहास विषयों में एम.ए. पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं।
मंत्री कार्यालय ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा आयुक्त को निर्देशित किया है कि पूरे मामले का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें तथा की गई कार्रवाई से मंत्री कार्यालय को अवगत कराया जाए।यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है, तो सरई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।













