बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोरवा वार्ड-10 की उचित मूल्य दुकान 14 जुलाई तक नहीं खुली, धूप में घंटों राशन का इंतजार करते रहे हितग्राही

सुबह 5 बजे से लाइन में बैठे रहे महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष, सेल्समैन की मनमानी का लगाया आरोप

सिंगरौली। मोरवा वार्ड क्रमांक-10 स्थित उचित मूल्य दुकान की कार्यप्रणाली को लेकर हितग्राहियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुलाई माह में 14 जुलाई तक दुकान नियमित रूप से नहीं खुली, जिससे गरीब परिवारों को अपने हक का राशन पाने के लिए रोजाना घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

मंगलवार को भी सुबह 5 बजे से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग राशन दुकान के बाहर पहुंच गए। अपनी बारी सुरक्षित रखने के लिए लोगों ने बोरी और थैले रखकर लाइन लगा ली, लेकिन दोपहर तक भी दुकान का ताला नहीं खुला और सेल्समैन मौके पर नहीं पहुंचा। चिलचिलाती धूप में घंटों इंतजार के बावजूद हितग्राहियों को निराश होकर बैठना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाइन में सबसे अधिक महिलाएं थीं। कई महिलाएं छोटे बच्चों के साथ जमीन पर बैठी रहीं, जबकि करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी सुबह से राशन मिलने की उम्मीद में दुकान के बाहर इंतजार करती रहीं। लोगों का कहना है कि सोमवार को भी वे पूरे दिन राशन की आस में बैठे रहे, लेकिन दुकान नहीं खुली।

स्थानीय हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि संबंधित सेल्समैन अक्सर बिना किसी सूचना के दुकान बंद रखता है, जिससे हर महीने लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि अधिकांश गरीब परिवार सरकारी राशन पर निर्भर हैं, लेकिन लापरवाही के कारण उन्हें समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है।

एक महिला हितग्राही ने बताया कि वे सुबह 5 बजे से लाइन में बैठ जाती हैं, लेकिन कई बार पूरे दिन इंतजार के बाद भी राशन नहीं मिलता। वहीं एक बुजुर्ग हितग्राही ने कहा कि हर महीने यही स्थिति रहती है और प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

हितग्राहियों का कहना है कि सरकार गरीबों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने की योजना चला रही है, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही से योजना का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई तथा उचित मूल्य दुकान का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button