नमस्ते अभियान के तहत आयोजित हुआ नमस्ते दिवस
सफाई मित्रों को किया सम्मानित, सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी दी गई जानकारी

सिंगरौली,/ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नमस्ते (यांत्रिक स्वच्छता तंत्र हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना) अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम सिंगरौली के सभागार में “नमस्ते दिवस” का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी श्री आर.पी. बैस के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने देखा एवं सुना। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री बालगोविंद चतुर्वेदी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत सफाई मित्रों को स्वच्छता व्यवस्था में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का समर्पण, सेवा भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा स्वच्छ सिंगरौली के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों का क्षमतावर्धन करते हुए उन्हें स्वच्छता कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग,यांत्रिक स्वच्छता प्रणाली को बढ़ावा देने, सुरक्षित कार्यप्रणाली तथा स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भारत सरकार के नमस्ते अभियान के उद्देश्यों एवं सफाई मित्रों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। राष्ट्रीय कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने केंद्र सरकार द्वारा दिए गए संदेशों एवं मार्गदर्शन को ध्यानपूर्वक सुना।कार्यक्रम के उपरांत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सफाई मित्रों ने नगर निगम कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं प्रदान करने तथा स्वच्छ सिंगरौली के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर पालिक निगम सिंगरौली के स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 (आईईसी) टीम की सक्रिय भूमिका रही। आईईसी टीम मैनेजर आशीष शुक्ला ने कार्यक्रम के समन्वय, जनजागरूकता गतिविधियों तथा सफाई मित्रों को स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक कैलाश शाह, पवन बरोदे तथा आईईसी टीम के राजन पाण्डेय एवं सत्यम पाण्डेय सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।













