जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 280 आवेदकों की समस्याएं
सात दिवस के भीतर आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सिंगरौली, / कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 280 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बैनल ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए सात दिवस की समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए तथा की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित आवेदक को भी प्रकरण में की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। इसलिए सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा अनावश्यक विलंब से बचें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने तथा प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री संजीव पाण्डेय, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री पी.सी. चन्द्रवंशी, उपायुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा, जिला परियोजना समन्वयक डीपीसी श्री आर.एल. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।













