दस्तक अभियान का शुभारंभ, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

सिंगरौली,/ जिले में 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान का शुभारंभ जिला पोषण पुनर्वास केंद्र में नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि दस्तक अभियान का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना, कुपोषण की पहचान करना तथा समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। साथ ही गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, टीकाकरण से वंचित बच्चों का चिन्हांकन, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्यक्रम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे प्रत्येक पात्र बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।













