बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

फ्लाईऐश डम्प साइटों का एसओपी के अनुसार भराव कराकर कराएं पौधारोपण : कलेक्टर

कलेक्टर की अध्यक्षता में फ्लाईऐश प्रबंधन की बैठक आयोजित

खनिज एवं प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डम्पिंग साइटों का निरीक्षण कर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन : गौरव बैनल

सिंगरौली। जिले में फ्लाईऐश के वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में फ्लाईऐश प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों को फ्लाईऐश प्रबंधन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फ्लाईऐश का भराव केवल चिन्हित एवं स्वीकृत डम्पिंग स्थलों पर ही किया जाए। भराव पूर्ण होने के बाद स्थल पर मिट्टी की परत बिछाकर अनिवार्य रूप से पौधारोपण कराया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ डम्पिंग स्थलों का पुनर्वास भी सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक औद्योगिक इकाई फ्लाईऐश प्रबंधन के लिए व्यवस्थित एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करे। फ्लाईऐश का परिवहन केवल बंद बल्करों के माध्यम से किया जाए तथा निर्धारित मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित रूप से फॉग कैनन संचालित किए जाएं।

बैठक में फ्लाईऐश परिवहन से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी लोडिंग स्थलों पर अनिवार्य रूप से व्हील वॉशिंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वाहनों के पहियों के माध्यम से सड़कों पर फैलने वाले प्रदूषण को प्रभावी रूप से रोका जा सके। कलेक्टर ने खनिज अधिकारी एवं प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को संयुक्त रूप से सभी डम्पिंग एवं लोडिंग स्थलों का निरीक्षण कर यह प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन किया जा रहा है अथवा नहीं। साथ ही गोरबी माइंस में प्रस्तावित डम्पिंग साइट के पुनर्मूल्यांकन के भी निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से फ्लाईऐश प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए गए। अंत में कलेक्टर ने सभी औद्योगिक इकाइयों को फ्लाईऐश प्रबंधन संबंधी निर्धारित गाइडलाइन का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी श्री रतिभान सिंह तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button