भोपालमध्य प्रदेश

विंध्य को मिली नई सौगात, 28 जुलाई से रीवा-कोलकाता के बीच शुरू होगी हवाई सेवा

72 सीटर एयर इंडिया विमान भोपाल होते हुए पहुंचेगा कोलकाता, व्यापार-शिक्षा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रीवा। विंध्य क्षेत्र के लोगों को जल्द ही हवाई यात्रा की नई सुविधा मिलने जा रही है। रीवा से कोलकाता के लिए 28 जुलाई 2026 से विमान सेवा शुरू होगी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एयर इंडिया का 72 सीटर विमान रीवा से भोपाल होते हुए कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा।

नई हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक कोलकाता जाने के लिए लोगों को लंबी रेल या सड़क यात्रा करनी पड़ती थी अथवा अन्य शहरों से विमान सुविधा लेनी पड़ती थी। नई उड़ान शुरू होने के बाद समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब कोलकाता के लिए उड़ान शुरू की जा रही है। इससे रीवा, भोपाल और कोलकाता के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि नई विमान सेवा से व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। हवाई संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

गौरतलब है कि रीवा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद विंध्य क्षेत्र में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। कोलकाता के लिए उड़ान शुरू होने से क्षेत्र का संपर्क देश के प्रमुख महानगरों से और मजबूत होगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में मुंबई, पुणे, हैदराबाद सहित अन्य बड़े शहरों के लिए भी नियमित विमान सेवाएं शुरू होंगी।

Author

Related Articles

Back to top button