देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे ब्यौहारी अमृत भारत रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण

20.58 करोड़ रुपये की लागत से हुआ पुनर्विकास, एडीआरएम ने तैयारियों का किया निरीक्षण

ब्यौहारी। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 20.58 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किए गए इस स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा।

लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे ने 14 जुलाई को ब्यौहारी स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज, प्रकाश व्यवस्था और दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर स्थित ब्यौहारी रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। स्टेशन से मेल-एक्सप्रेस और मेमू सहित कई ट्रेनों का संचालन होता है तथा प्रतिदिन करीब 2000 से अधिक यात्री इस स्टेशन का उपयोग करते हैं।

लोकार्पण समारोह के दौरान 17 जुलाई को दोपहर 2 बजे से स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिल्म प्रदर्शन, पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के अमृत भारत स्टेशनों के साथ ब्यौहारी स्टेशन का भी वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा।

पुनर्विकास कार्यों के तहत स्टेशन भवन को नया आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, डिजिटल ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम, बेहतर साइनेज और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकसित ब्यौहारी स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Author

Related Articles

Back to top button