बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

छात्रावास में खराब भोजन और अव्यवस्थाओं से नाराज छात्र पहुंचे कलेक्टर के पास, जांच की मांग

सिंगरौली। बैढ़न स्थित अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास के छात्रों ने छात्रावास में खराब भोजन और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल और रखरखाव जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

छात्रों का कहना है कि उन्हें समय पर भोजन नहीं मिलता और भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं रहती। शिवम, राजा, प्रवीण, आशीष, आकाश, अमन, श्रवण और दिवेंद्र सहित कई छात्रों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि छात्रावास अधीक्षक द्वारा बजट की कमी का हवाला दिया जाता है, जबकि विद्यार्थियों को रोजमर्रा की आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

छात्र मारकंडेय प्रजापति ने बताया कि छात्रावास के अधिकांश विद्यार्थी लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर मजबूर होकर छात्रों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा। छात्रों ने छात्रावास की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।

इधर, आदिवासी छात्रावास विभाग की अधीक्षिका रेखा पांचाल ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय से आवेदन प्राप्त हो गया है। छात्रावास का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने भी आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा छात्रों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button