चेकिंग से पहले रास्ता बदलते समय हादसा, बोलेरो से टकराकर बाइक सवार युवक घायल

सिंगरौली। जिले में बुधवार सुबह यातायात थाना बैढ़न क्षेत्र के रेलवे पुलिया के पास एक बाइक सवार युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को गंभीर चोट नहीं आई है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद चर्चा रही कि युवक यातायात पुलिस की वाहन चेकिंग से बचने के लिए रास्ता बदलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रेलवे पुलिया के पास उसकी बाइक सामने से आ रही एक बोलेरो वाहन से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया।
हालांकि, यातायात थाना प्रभारी आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया कि माजन मोड़ के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन संबंधित युवक चेकिंग प्वाइंट तक पहुंचा ही नहीं था। उन्होंने बताया कि युवक चेकिंग स्थल से पहले ही रेलवे पुलिया के पास दूसरे मार्ग की ओर मुड़ गया था और उसी दौरान बोलेरो वाहन से उसकी टक्कर हो गई। इसलिए दुर्घटना चेकिंग प्वाइंट पर नहीं, बल्कि उससे पहले मार्ग बदलने के दौरान हुई।हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि चेकिंग से बचने के लिए अचानक रास्ता न बदलें और न ही तेज गति में वाहन मोड़ने का प्रयास करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे प्रयास न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना ही सबसे बेहतर उपाय है।













