बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

किसान पर फायरिंग मामले में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार

जमीन विवाद में गोली चलाने का आरोप, एक अन्य आरोपी भी पुलिस हिरासत में; चार लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में किसान पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अंकित मिश्रा को भी हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि 14 जुलाई को राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुई फायरिंग की घटना में कुल चार आरोपी शामिल बताए गए हैं। इनमें तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि जमीन बेचने से इनकार करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद शालिग्राम गर्ग ने उन पर 3-4 राउंड फायर किए। उनका दावा है कि एक गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि शालिग्राम गर्ग से उनका कोई संबंध नहीं है और यह बात वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और यदि कोई दोषी है तो उसे उचित दंड मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से हर घटना को उनके साथ जोड़कर न देखने की अपील की।

गौरतलब है कि शालिग्राम गर्ग पर पहले भी मारपीट से जुड़े आरोप लग चुके हैं। हालांकि, मौजूदा मामले में आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच के बाद ही होगी।

Author

Related Articles

Back to top button