डीपॉल स्कूल विंध्यनगर के हेड बॉय बने अभय मिश्रा, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कई गणमान्यों ने किया सम्मानित
नगर निगम वार्ड-36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के पुत्र ने हासिल की नई उपलब्धि

एनटीपीसी, पुलिस प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन ने मेडल व प्रशस्ति देकर किया सम्मान
सिंगरौली। डीपॉल स्कूल विंध्यनगर के छात्र एवं सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक-36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के ज्येष्ठ पुत्र अभय कुमार मिश्रा को विद्यालय का हेड बॉय नियुक्त किया गया है। विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और अनुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना के कार्यकारी निदेशक, मानव संसाधन प्रमुख, सिंगरौली पुलिस अधीक्षक तथा विद्यालय के प्राचार्य ने अभय कुमार मिश्रा को मेडल एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनके नेतृत्व कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि पर पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने पुत्र अभय को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “अभय, तुम्हारी इस उपलब्धि ने मेरा हृदय गर्व से भर दिया है। मुझे तुम पर बहुत गर्व है। हमेशा ऐसे ही अच्छे कर्म करते रहो। भगवान तुम्हें सदैव शक्ति, सद्बुद्धि और सफलता प्रदान करें। दूसरों की भलाई करने की तुम्हारी भावना ही तुम्हें जीवन में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। मेरा स्नेह, शुभकामनाएं और आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ हैं।”अभय कुमार मिश्रा की इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












