बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के आवास के सामने बदहाल सड़क, गड्ढों और जलभराव से राहगीर परेशान

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा, स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग

सिंगरौली। मोरवा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-8 स्थित गायत्री मंदिर रोड की जर्जर सड़क स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह के आवास के सामने से गुजरने वाला यह मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी पैदल चल रहे लोगों पर उछल जाता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा होती है।

इसी मार्ग से आदर्श गंगा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेंट मैरी स्कूल, द हेरिटेज स्कूल और लिटिल फ्लावर स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। अभिभावकों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के विस्थापन में अभी कई वर्ष लग सकते हैं। ऐसे में जब तक लोग यहां रह रहे हैं, तब तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।

नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गायत्री मंदिर रोड का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को जलभराव, गड्ढों और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button