बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विधायक की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और हितग्राहियों को त्वरित लाभ देने के निर्देश

​सिंगरौली, /विधानसभा क्षेत्र सिंगरौली के विधायक श्री राम निवास शाह की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, परिवहन, खाद्य आपूर्ति, महिला बाल विकास, लोक निर्माण विभाग , पी.आई.यू. और जल निगम सहित विभिन्न विभागों की शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की बिंदुवार गहन समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए विधायक श्री शाह ने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं को पूरी गंभीरता से लिया जाए और विभागों को दिए गए सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।

​बैठक के दौरान विधायक ने जनहित के कार्यों पर विशेष जोर देते हुए पंचायत, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, कृषि और खाद्य आपूर्ति विभागों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिलने वाला लाभ समय पर उन तक पहुँचाया जाए। इसके साथ ही, क्षेत्र में शिक्षा के स्तर और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग को जीर्ण-शीर्ण विद्यालय भवनों की मरम्मत हेतु सूची एवं प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में महिला बाल विकास तथा खाद्य विभाग को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में भवन विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं उचित मूल्य की राशन दुकानों को चिन्हित कर उनके नए भवनों के निर्माण के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करें।

​स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को समय पर शत-प्रतिशत टीकाकरण कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को सचेत किया कि आगामी बैठक में आज दिए गए सभी निर्देशों का पालन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। बैठक में उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव सहित तहसीलदार सिंगरौली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, खण्ड शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ उद्यानिकी अधिकारी, विकासखण्ड स्रोत समन्वयक, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग एवं पीआईयू), कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रबंधक जल निगम सहित सभी प्रमुख ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button