नशे के खिलाफ सिंगरौली में हजारों लोगों ने उठाया कदम
"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान शुरू, विधायक रामनिवास शाह और एसपी षियाज़ के.एम. ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ गुरुवार को सिंगरौली जिले में किया गया। राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में आयोजित जागरूकता रैली में विधायक रामनिवास शाह एवं पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि नशा समाज और परिवार को कमजोर करता है। इसके कारण अपराध, पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की तथा कार्यक्रम के अंत में सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में जुनून शिक्षा, खेल, कला और नवाचार का होना चाहिए, न कि मादक पदार्थों का। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमन्त कुमार, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर राकेश साहू, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, साइबर सेल प्रभारी पवन सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलेभर में चला जागरूकता अभियान
मुख्य कार्यक्रम के साथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना गढ़वा पुलिस ने घोघरा बाजार में करीब 100 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। थाना चितरंगी पुलिस ने ग्राम धवई में लगभग 200 ग्रामीणों और चितरंगी बाजार में करीब 50 लोगों को जागरूक किया। वहीं थाना नवानगर पुलिस ने निगाही गेट के सामने कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।












