बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सीबीआई के शिकंजे में सार्वजनिक कंपनी का एमडी, 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

भोपाल की दवा कंपनी की शिकायत पर कार्रवाई, जबलपुर समेत तीन शहरों में छापे; नकदी, सोना और विदेशी मुद्रा बरामद

भोपाल। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कर्नाटक एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड (केएपीएल) के प्रबंध निदेशक अनुराग दनायक को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद सीबीआई ने आरोपी से जुड़े जबलपुर, बेंगलुरु और नोएडा स्थित ठिकानों पर भी छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, विदेशी मुद्रा और संपत्ति संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीबीआई के अनुसार, भोपाल की अधिकृत दवा वितरक फर्म मेसर्स फार्मा केयर के संचालक हर्ष कौशिक ने 10 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2026-27 के सर्विस एजेंट अनुबंध के नवीनीकरण, नए सरकारी संस्थानों में दवा आपूर्ति का कार्य दिलाने और बिक्री पर मिलने वाले कमीशन के एवज में एमडी अनुराग दनायक ने 60 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था।

जांच के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कुल 15 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की और पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई। 15 जुलाई को नोएडा में रिश्वत की राशि लेते समय सीबीआई ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद जबलपुर, बेंगलुरु और नोएडा स्थित ठिकानों पर तलाशी के दौरान लगभग 75 लाख रुपये नकद, चार लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा, 697 ग्राम सोना (करीब 86 लाख रुपये मूल्य) तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। सीबीआई ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी का कहना है कि जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button