आउटर पर रुकी जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में डकैती जैसी वारदात
25 से ज्यादा बदमाशों ने यात्रियों पर बोला धावा, जेवर-बैग लूटे; विरोध करने पर पथराव, दो घायल

भोपाल/गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में रुठियाई रेलवे स्टेशन के आउटर पर देर रात जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिग्नल नहीं मिलने के कारण रुकी ट्रेन में 25 से अधिक नकाबपोश बदमाश घुस गए और यात्रियों से जेवर, नकदी व बैग लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने ट्रेन पर पथराव भी किया, जिसमें दो यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे रुठियाई आउटर पर रुकी हुई थी। इसी दौरान 25 से 27 बदमाश एस-5 और एस-6 कोच में घुस गए और यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात करीब आधे घंटे तक चली, जिससे कोचों में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए।
यात्रियों ने जब बदमाशों का विरोध किया तो ट्रेन के बाहर मौजूद उनके साथियों ने खिड़कियों और दरवाजों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में राजस्थान के अब्दुल कलाम खान और विदिशा निवासी संतोष कुमार घायल हो गए। संतोष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना के दौरान यात्रियों ने किसी तरह कोच के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
जीआरपी ने चार यात्रियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। बदमाश विदिशा निवासी हरबो बाई के सोने के झुमके, भोपाल की ममता मेवाड़ा का मंगलसूत्र, राजस्थान की आवेदा बानो की सोने की चेन तथा जोधपुर निवासी राहुल का बैग लूट ले गए। बैग में कपड़ों के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, पासपोर्ट और शैक्षणिक दस्तावेज भी रखे थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।













