14 किलो सोना चोरी मामला: बिहार पहुंची जबलपुर पुलिस, गया में छापेमारी, 750 ग्राम सोने के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
पटना/जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बैंक लॉकर से करीब 14 किलोग्राम सोना चोरी होने के बहुचर्चित मामले की जांच अब बिहार तक पहुंच गई है। सुराग मिलने पर खितौला थाना पुलिस ने बिहार के गया जिले के गुरुआ बाजार में स्थानीय पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो ज्वेलरी दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान हब्बीपुर निवासी चंचल पासवान को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से करीब 750 ग्राम सोना बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और जांच में मिले इनपुट के आधार पर टीम बिहार पहुंची थी। छापेमारी के दौरान ज्वेलरी दुकानों के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की गई, ताकि चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
खितौला थाना के अधिकारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि बरामद 750 ग्राम सोने की जांच की जा रही है कि उसका संबंध जबलपुर में हुई चोरी से है या नहीं। इसके लिए सोने की शुद्धता, पहचान और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
गुरुआ थाना प्रभारी मनेश कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ ने पूरा सहयोग किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर ले जाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ होगी।
पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से चोरी के सोने की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे और अन्य गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।













