बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जियावन पुलिस का नशे के कारोबार पर प्रहार, 70 वर्षीय महिला के कब्जे से गांजा, ₹1.03 लाख नकदी जब्त

मोबाइल फोन भी बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिंगरौली। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग महिला को गांजा, नकदी और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 347 ग्राम अवैध गांजा, गांजा बिक्री से प्राप्त ₹1.03 लाख नकद तथा ग्राहकों से संपर्क के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को थाना जियावन की टीम क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान चौराडांड़ में सड़क किनारे खड़ी एक महिला पुलिस को देखकर घबराकर अपने घर की ओर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम मेहरुन निशा (70 वर्ष), निवासी चौराडांड़ बताया।

महिला के पास रखी पीले रंग की पन्नी की तलाशी लेने पर उसमें 347 ग्राम गांजा मिला। जांच के दौरान पुलिस ने गांजा बिक्री से अर्जित ₹1,03,000 नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया।

इस मामले में थाना जियावन में अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी शेषनारायण दुबे, सहायक उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक खुम सिंह तथा महिला आरक्षक जयांजलि दुबे की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button