जियावन से उठी नशामुक्ति की अलख, “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ
रैली निकालकर दिलाई नशामुक्ति की शपथ, हेल्पलाइन और पोर्टल की दी जानकारी

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले के जियावन थाना क्षेत्र में गुरुवार को राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत पुलिस ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
थाना प्रभारी शेषनारायण दुबे ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। इसी उद्देश्य से 15 से 30 जुलाई तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने “जिंदगी को हां, नशे को ना” का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया और नशामुक्ति हेल्पलाइन 1933 एवं 14446 के साथ ऑनलाइन सहायता पोर्टल की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी कुंदवार रामजी त्रिपाठी, उपनिरीक्षक इंद्रपाल वर्मा, प्रधान आरक्षक रमेश, आरक्षक दिनेश, प्रभात सहित थाना जियावन का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस ने आमजन, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे इस जन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।













