मुक्तिधाम की जमीन पर चला बुलडोजर, निगम की सख्त कार्रवाई
हिरवाह में निर्माणाधीन अवैध मकान ध्वस्त, सार्वजनिक भूमि पर कब्जाधारियों को चेतावनी

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए वार्ड क्रमांक-43 स्थित हिरवाह में बड़ी कार्रवाई की। मुक्तिधाम एवं विसर्जन स्थल के समीप किए गए अवैध अतिक्रमण पर निगम ने बुलडोजर चलाकर निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे अभियान को शांतिपूर्वक अंजाम दिया गया।
नगर निगम के अनुसार मुक्तिधाम और विसर्जन स्थल जैसी सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी और सार्वजनिक जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सविता यादव, नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी प्रवीण गोस्वामी, राजस्व विभाग का अमला तथा नगर निगम के सफाई कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहर में सार्वजनिक स्थलों, शासकीय भूमि, मुक्तिधाम और विसर्जन स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना अनुमति सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण या अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।













