बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

करोड़ों का मेडिकल कॉलेज, लेकिन पहुंचने की सड़क बनी ‘तालाब’

जलभराव और गड्ढों से जूझ रहे मरीज, छात्र और ग्रामीण; डीएवी स्कूल के बच्चों की सुरक्षा पर भी मंडराया खतरा

सिंगरौली। जिले के नौगढ़ स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज तक जाने वाली मुख्य सड़क बारिश के मौसम में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आने लगा है। ऐसे में मरीज, मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, चिकित्सक, कर्मचारी और आसपास के ग्रामीण रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं।

सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि इसी मार्ग पर रिलायंस पुनर्वास कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल भी है। प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे इसी जलभराव वाली सड़क से स्कूल पहुंचते हैं। पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था तक पहुंचने वाली सड़क वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को भी जोड़ता है, लेकिन इसकी मरम्मत और सुधार की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। नगर निगम के वार्ड क्रमांक-45 में विकास के दावों के बीच यह सड़क बदहाली की कहानी बयां कर रही है।

बारिश के दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत एंबुलेंस और मरीजों को होती है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। बाइक सवार, साइकिल चालक और पैदल यात्री भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मेडिकल कॉलेज रोड का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षित सड़क केवल सुविधा नहीं, बल्कि मरीजों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा अहम मुद्दा है।

Author

Related Articles

Back to top button