बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पत्नी के बारे में पूछताछ के विवाद में चाकूबाजी: पति-पत्नी और मां घायल, आरोपी फरार

 

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव में शुक्रवार सुबह मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव के एक युवक ने कथित रूप से पति-पत्नी और बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में तीनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार हिरवाह निवासी राम अधीन साकेत (25) अपनी पत्नी कुशलता साकेत और मां मानमती साकेत के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का राहुल साकेत उनके घर पहुंचा और राम अधीन की पत्नी के बारे में पूछताछ करने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राहुल साकेत ने चाकू निकालकर राम अधीन के कंधे पर वार कर दिया। पति को बचाने आई पत्नी कुशलता पर भी चाकू से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंची मां मानमती साकेत के हाथ पर भी चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया।

घटना के दौरान शोर सुनकर ग्रामीण रामलखन साकेत और मुकेश साकेत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल परिवार को आरोपी के चंगुल से बचाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button