बगैया स्कूल में विद्यार्थियों को मिली साइकिलों की सौगात
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा- शिक्षा से आत्मनिर्भरता का मार्ग होगा और आसान

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री राधा सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बगैया में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा से जोड़ना और विद्यालय तक उनकी पहुंच को सुगम बनाना है।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि बेटियों और बेटों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल वितरण जैसी योजनाएं दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही हैं, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके सपनों को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।
कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा के बल पर विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगे तथा भविष्य में प्रदेश और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।













