ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

तीन जिलों में एक साथ नौकरी, फर्जी डॉक्टर ने सरकार को लगाया 64 लाख का चूना

अलग-अलग पहचान बनाकर वर्षों तक लेता रहा वेतन, रिश्वत मामले के बाद खुला बड़ा फर्जीवाड़ा; स्वास्थ्य मंत्री ने दिए एफआईआर और वसूली के निर्देश

 

भोपाल। मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड स्थित उफरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ तथाकथित डॉक्टर महेश चंद शर्मा के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद जांच में खुलासा हुआ कि वह एक ही समय में शहडोल, खरगोन और श्योपुर—तीनों जिलों में अलग-अलग पहचान के साथ नौकरी कर रहा था। आरोप है कि उसने तीनों स्थानों से करीब 64 लाख रुपये वेतन के रूप में प्राप्त कर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने तीनों जिलों में अलग-अलग कर्मचारी आईडी, पैन नंबर और आधार संबंधी विवरण देकर नियुक्ति हासिल की। हैरानी की बात यह रही कि दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान यह गड़बड़ी वर्षों तक पकड़ में नहीं आई। विभागीय सूत्रों के अनुसार वह कई बार स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद नहीं रहता था, लेकिन सार्थक ऐप के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर वेतन लेता रहा।

प्रारंभिक जांच के अनुसार श्योपुर से करीब 30 लाख, खरगोन से 20 लाख और शहडोल से लगभग 14 लाख रुपये का भुगतान उसे हुआ। मामले के सामने आने के बाद उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी की सेवा समाप्त कर उसके द्वारा प्राप्त पूरी राशि की वसूली की जाएगी, एफआईआर दर्ज होगी और नियुक्ति व निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button