शराब पार्टी के बाद दोस्त बना कातिल, लाठी से पीटकर युवक की हत्या
भेड़ाघाट के बरखेड़ा गांव में वारदात, मामूली विवाद के बाद हमला; आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। साथ बैठकर शराब पी रहे दो दोस्तों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने लाठी से हमला कर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बृजेश पटेल निवासी बरखेड़ा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी राजा चौबे है। शुक्रवार शाम दोनों गांव के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में गाली-गलौज शुरू हुई और विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि राजा चौबे ने पहले बृजेश को धक्का दिया, फिर पास में पड़ी लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो गया।
रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने बृजेश को गंभीर हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी राजा चौबे को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।













