देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अमरनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस में लगी भीषण आग, 47 यात्रियों की जान बाल-बाल बची

रामबन में टायर फटने के बाद बस बनी आग का गोला, सामान जलकर राख; सीआरपीएफ और फायर टीम ने संभाला मोर्चा

सलूंबर/रामबन। अमरनाथ यात्रा से राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं की बस जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अचानक आग का गोला बन गई। हादसे के समय बस में सवार सभी 47 श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और यात्रियों का सामान, नकदी व मोबाइल फोन भी नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, सलूंबर जिले के सराडा ब्लॉक के धाकड़ा गांव के 47 श्रद्धालु 9 जुलाई को दो बसों से अमरनाथ यात्रा पर निकले थे। बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटते समय रामबन के करोल क्षेत्र में एक बस का टायर अचानक फट गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टायर फटने के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु देवीलाल डांगी ने बताया कि पीछे चल रही दूसरी बस के यात्रियों और अन्य वाहन चालकों ने समय रहते चालक को आग की सूचना दी। इसके बाद सभी यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही मिनटों में बस धू-धू कर जलने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कमांडेंट विजय सिंह खटाना के नेतृत्व में जवानों ने आग पर काबू पाया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने प्रभावित श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठहरने और सुरक्षित वापसी की व्यवस्था भी की है।

Author

Related Articles

Back to top button