देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

20 दिन की भूख हड़ताल के बाद अस्पताल पहुंचे सोनम वांगचुक

हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया, स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों ने जताई चिंता

नई दिल्ली। जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को 20 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के बाद शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में की गई, ताकि उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस के अनुसार, वांगचुक को अस्पताल ले जाने के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए हल्का हंगामा हुआ। हालांकि पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करते हुए पूरी कार्रवाई सुरक्षित ढंग से संपन्न कराई। इसके साथ ही धरनास्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर खाली करने की अपील भी की गई।

सोनम वांगचुक 28 जून से विभिन्न मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, लंबे उपवास के कारण उनका वजन करीब नौ किलोग्राम घटकर 56.55 किलोग्राम रह गया है। चिकित्सकों ने उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। इसी बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button