चंडीगढ़ को हेल्थ, एजुकेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर की नई सौगात
प्रधानमंत्री मोदी बोले— विकसित भारत की दिशा में क्षेत्र बनेगा विकास का इंजन

मनोज शर्मा,चंडीगढ़, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत के लिए विकास का मॉडल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ को स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल गवर्नेंस, स्वच्छता और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ने पीजीआई चंडीगढ़ में एडवांस न्यूरो साइंस सेंटर, मदर एंड चाइल्ड सेंटर तथा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक सहित अनेक स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के लाखों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान भारत, ई-संजीवनी, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं ने आम नागरिकों तक बेहतर इलाज पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि देश में टेलीमेडिसिन के माध्यम से 48 करोड़ से अधिक परामर्श दिए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली है। उन्होंने चंडीगढ़ के लोगों द्वारा चलाए गए “स्वच्छता से स्वागत” अभियान की सराहना की तथा सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू के स्वच्छता अभियान की विशेष प्रशंसा करते हुए उन्हें पद्म सम्मान मिलने पर बधाई दी।
शिक्षा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और सरकारी कॉलेज सेक्टर-46 में नए छात्रावासों का उद्घाटन तथा शोधार्थियों के लिए नए हॉस्टल की आधारशिला रखे जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग और डीप-टेक जैसे क्षेत्रों में देश का प्रमुख नवाचार केंद्र बन सकता है।

प्रधानमंत्री ने आईटी सिटी से कुराली तक छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे तथा अन्य सड़क परियोजनाओं को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे यातायात सुगम होगा और उद्योग एवं व्यापार को नई गति मिलेगी। उन्होंने हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने और पंजाब में रेलवे परियोजनाओं के विस्तार को भी विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, भविष्य की तकनीक, मजबूत शिक्षा व्यवस्था और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश तथा पूरे उत्तर भारत के लोगों को नई विकास परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।













