रायपुर में एक ही परिवार के 5 शव मिलने से सनसनी
किराये के मकान में पति फंदे पर मिला, पत्नी और तीन बच्चों के शव कमरे में मिले; पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में शनिवार को एक किराये के मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे मकान को सील कर जांच शुरू कर दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19) तथा पुत्रियों शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फंदे से लटका मिला, जबकि अन्य चार लोगों के शव घर के एक कमरे में पाए गए। प्रथम दृष्टया विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि परिवार करीब आठ माह से किराये के मकान में रह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार साजिद अली बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे और परिवार आर्थिक तंगी व कर्ज से परेशान था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है और हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।













