देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

हिमालयी राज्यों में मौसम का अलर्ट, अगले कुछ दिन यात्रा से करें परहेज

हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा; चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह

नई दिल्ली। यदि आप अगले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड या जम्मू-कश्मीर घूमने की योजना बना रहे हैं, तो फिलहाल यात्रा टालना बेहतर होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 18 जुलाई से हिमालयी राज्यों में मानसून के और सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है।

आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच अधिकांश क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होगी। कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि सक्रिय मानसूनी ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है।

वहीं उत्तराखंड में भी अगले सात दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी सहित कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा जताया गया है। विशेषज्ञों ने चारधाम यात्रा, ट्रैकिंग और पर्वतीय पर्यटन पर जाने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार से बुधवार के बीच पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने भी लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। आने वाले कुछ दिन हिमालयी राज्यों में मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button