सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर कांग्रेस का हमला
केसी वेणुगोपाल बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन को कुचला, जनता उचित समय पर जवाब देगी

नई दिल्ली। जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन को समाप्त करने का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का जवाब जनता उचित समय पर देगी।
केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर ध्यान देना चाहिए था, लेकिन उसने प्रदर्शनकारी को ही धरनास्थल से हटा दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष अपने आंदोलन को जारी रखेगा तथा संसद के मानसून सत्र से पहले धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग करता रहेगा।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है, लेकिन सरकार इस अधिकार को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान नहीं कर रही और शांतिपूर्ण विरोध को कानून-व्यवस्था का मुद्दा बनाकर कुचलने का प्रयास कर रही है।













